पीएम मोदी हर दौरा लाता है नई ऊर्जा और विकासः धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रत्येक दौरा उत्तराखण्ड के लिए नई ऊर्जा और विकास की नई सौगात लेकर आता है। आज देश और उत्तराखण्ड को ₹12 हजार करोड़ की लागत से बने एशिया के सबसे लंबे ऐलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर की सौगात मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन कई मायनों में विशेष है। जहां दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के रूप में उत्तराखंड की विकास यात्रा को नई गति मिल रही है, वहीं यह अवसर डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती का भी है। कहा कि बाबा साहेब ने सामाजिक सौहार्द व समरसता को मजबूत करने के लिए वंचित वर्ग को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने देशवासियों को वैशाखी और सिख नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमारे सांस्कृतिक वैभव और कृषि परंपराओं का प्रतीक हैं। कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने बीते वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है। 2014 के बाद भारत ने आधारभूत संरचना, अर्थव्यवस्था, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को छुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक बताया है। सीमांत गांव माणा को देश का प्रथम गांव घोषित करना, इन्वेस्टर समिट के माध्यम से ‘वेड इन उत्तराखंड’ का संदेश देना, आदि-कैलाश को वैश्विक पहचान दिलाना, राष्ट्रीय खेलों के आयोजन से देवभूमि को खेलभूमि के रूप में स्थापित करना और हर्षिल-मुखबा क्षेत्र में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देना ये सभी कदम राज्य के विकास में महत्वपूर्ण हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “विकास भी और विरासत भी” की अवधारणा के साथ प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। धामी ने “अब रफ्ता-रफ्ता नहीं, पूरी रफ्तार के साथ आगे बढ़ रहा है भारत” जैसी पंक्तियों से प्रधानमंत्री के नेतृत्व और विकास कार्यों की सराहना की।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को नंदा राजजात पर आधारित स्मृति चिन्ह भेंट किया, जिसमें मां नंदा की डोली, यात्रा की अगुवाई करते खाड़ू और स्थानीय जनजीवन का सुंदर चित्रण किया गया है।



