पर्यावरण प्रेमी यमुना ढकाल का रायवाला में स्वागत
विश्व भ्रमण पर निकली यमुना दे रही पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रायवाला। पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण का संदेश लेकर विश्व भ्रमण पर निकली नेपाल की पर्यावरण प्रेमी यमुना ढकाल का रायवाला पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों ने उनके अभियान की सफलता की कामना की।
नेपाल के झापा जिला स्थित कमल गांव पालिका निवासी 36 वर्षीय यमुना ढकाल विश्वभर में बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण और उसके दुष्प्रभावों को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यात्रा पर निकली हैं। उत्तराखंड में बदरीनाथ और केदारनाथ धाम से वापसी के दौरान रायवाला में स्थानीय लोगों ने उनका अभिनंदन किया।
यमुना ढकाल ने बताया कि उनकी इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना है। कहा कि समय रहते पर्यावरण संरक्षण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकटों का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने अपनी यात्रा की शुरुआत 8 फरवरी 2026 को भारत भ्रमण से की थी। बुधवार को उनकी यात्रा का 95वां दिन रहा। अब तक वह उत्तर प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और उत्तराखंड की यात्रा पूरी कर चुकी हैं। बताया कि आगे नेपाल से म्यांमार, पाकिस्तान, रूस सहित दुनिया के विभिन्न देशों की यात्रा का कार्यक्रम है।
मौके पर टीका बहादुर थापा, ऋषिराम शर्मा, देव बहादुर क्षेत्री, होमकांत शर्मा, अरविन्द क्षेत्री, विष्णु क्षेत्री, राजेश मल्ल, खेम बहादुर क्षेत्री, टेक बहादुर गुरुंग, महेन्द्र सिंह कुट्टी, अल्का क्षेत्री, अनुपमा थापा, प्रियंका थापा, अर्चना आदि मौजूद रहे।



