सीएचसी सतपुली में अव्यवस्थाओं पर डीएम सख्त

सतपुली (पौड़ी गढ़वाल)। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतपुली का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कई अनियमितताएं मिलने पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाई। साथ ही सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण में अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे बंद मिले, जबकि बायोमैट्रिक उपस्थिति से संबंधित विवरण भी उपलब्ध नहीं कराया जा सका। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए सीसीटीवी व बायोमैट्रिक मशीनों को तत्काल ठीक कराने और उपस्थिति व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी समेत तीन कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने अनुपस्थित व विलंब से आने वाले कार्मिकों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थिति पंजिका अपने कब्जे में लेते हुए स्वास्थ्य केंद्र का आहरण-वितरण प्रभार मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सौंपने के निर्देश भी दिए।
ओपीडी रजिस्टर के निरीक्षण में मरीजों के उपचार, दवाइयों और चिकित्सकीय परामर्श का पूरा विवरण दर्ज नहीं पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने सभी अभिलेख नियमित और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। प्रसव कक्ष निरीक्षण के दौरान हाई रिस्क गर्भवतियों और एएनसी से जुड़े अद्यतन आंकड़े भी उपलब्ध नहीं मिले। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।
टीकाकरण पंजिका में भी खामियां मिलने पर जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने और छूटे बच्चों का घर-घर सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए। मौके पर उप जिलाधिकारी रेखा आर्य, डॉ. अनंता भी मौजूद रहे।



