ऋषिकेशयात्रा-पर्यटन

नीलकंठ में डीएम ने परखी कांवड़ मेले की तैयारियां

अधिकारियों को यात्रा से पहले सभी काम पूरे करने को कहा

ऋषिकेश, 14 जुलाई। कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को डीएम पौड़ी स्वाति एस भदौरिया ने नीलकंठ महादेव क्षेत्र में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आवश्यक सेवाओं की समीक्षा के बाद अधिकारियों को शेष कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

डीएम ने नीलकंठ में मंदिर परिसर और आसपास निरीक्षण के दौरान सभी शार्प टर्न, पैदल मार्गों और भीड़भाड़ वाले जगहों पर यात्रा से पहले इंटरलॉकिंग टाइल्स का काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क को गड्ढा मुक्त करने, नालियों की सफाई, जल निकासी सुनिश्चित करने को भी कहा।

मंदिर के पीछे लीगेसी वेस्ट निस्तारण पर डीएम ने 25 जुलाई तक पूरे क्षेत्र की सफाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती और नियमित कूड़ा उठान करने को कहा। उन्होंने निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त पेयजल, शौचालयों में नियमित जलापूर्ति, शौचालयों में स्थायी जल कनेक्शन, पेयजल बिंदुओं की निगरानी के भी निर्देश दिए।

डीएम ने पैदल मार्गों पर पुलियों को मजबूत करने, भू-कटाव वाले क्षेत्रों का उपचार, वर्षाजल निकासी, चिन्हित जगहों पर अतिरिक्त कूड़ेदान की व्यवस्था करने को भी कहा। यातायात पर डीएम ने सुचारु यातायात के लिए कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग स्थलों, डायवर्जन और प्रमुख चौराहों पर दिशासूचक बोर्ड लगाने, भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के लिए भी कहा।

पुलिस कंट्रोल रूम व पुलिस चौकी के निरीक्षण पर डीएम ने सीसीटीवी कैमरों को चाकचौबंद करने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पब्लिक एड्रेस सिस्टम सक्रिय रखने, आपातकालीन सेवा 112 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को प्राथमिक उपचार केंद्रों, एंबुलेंस, चिकित्सकीय टीमों व आवश्यक दवाइयों व्यवस्था के लिए कहा गया।

इस दौरान जिलाधिकारी को नीलकंठ महादेव मंदिर के महंत सुभाष पुरी ने भी यात्रा व्यवस्थाओं पर सुझाव दिए। मौके पर एसडीएम चतर सिंह चौहान, एएसपी मनोज ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोनिवि निर्भय सिंह, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अभिषेक वर्मा, एएमए जिला पंचायत संजय खंडूरी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button