सख्तीः अवैध खनन मामले में 2 डम्पर सीज

देहरादून। जनपद में अवैध खनन पर लगातार छापामार कार्रवाईयां जारी हैं। विकासनगर तहसील क्षेत्र में अभियान के दौरान दो डम्परों को अवैध खनिज परिवहन के आरोप में सीज किया गया। दोनों डम्पर चालक संबंधित कागजात नहीं दिखा पाए। डीएम डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया कि अवैध खनन पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
बता दें कि प्रदेश में अवैध खनन रोकने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त निर्देश दिए हैं। जिसके अनुपालन में जिला प्रशासन देहरादून में लगातार कार्रवाईयां जारी हैं। डीएम के आदेश पर विकासनगर में तहसीलदार सोहन सिंह रांगड़ के नेतृत्व में कई जगहों पर छापामार कार्रवाई की गई।
बताया गया कि छापामार अभियान के दौरान 2 डम्पर क्षमता अधिक खनिज सामग्री लदे हुए मिले। उनके पास न रवन्ना मिला और न ही रुट प्लान। यहां तक कि खनिज परिवहन संबंधी कोई दस्तावेज भी उनके पास नहीं था। जिसके बाद टीम ने संबंधित नियमों के तहत दोनों ही डम्परों को सीज कर दिया। तहसीलदार सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि उनके खिलाफ जुर्माने की कार्यवाही की जा रही है।
डीएम डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया कि जनपद में अवैध खनन, परिवहन, भंडारण पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। सभी एसडीएम और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। यह भी कि अवैध खनन से संबंधित शिकायतों और सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई अमल में लाएं।