देहरादून

Dehradun: विधानसभा में सादगी से मनाया गया राज्य स्थापना दिवस

देहरादून। विधानसभा सचिवालय में राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम ऋतु खण्डूडी भूषण की अध्यक्षता में सादगी से मनाया गया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राज्य निर्माण के आंदोलनकारियों की सेवा व संघर्ष को याद किया।

ऋतु खंडूडी भूषण ने बताया कि राज्य आंदोलन के वीर सेनानियों के बलिदान की बदौलत हमे अपना अलग राज्य मिला। राज्य स्थापना दिवस हमारे लिए गर्व और सम्मान का दिन है। बीते 24 वर्षों में राज्य ने अनेक उतार-चढ़ाव देखे हैं, लेकिन हर कठिनाई के बावजूद उत्तराखंड ने प्रगति की राह पर निरंतर कदम बढ़ाए हैं। राज्य की जनता ने हमेशा विकास के लिए संघर्ष किया है और हम सभी ने मिलकर उत्तराखंड को एक समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रयास किए हैं।

उन्होंने कहा, उत्तराखंड के निर्माण के समय यहां की जनता ने जो संघर्ष किया था, वह कभी भुलाया नहीं जा सकता। राज्य के विकास के लिए हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है, और हम सभी को मिलकर इस राज्य को एक नया मुकाम तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा, हमें अपने युवाओं को राज्य के विकास में सक्रिय रूप से शामिल करना होगा, ताकि आने वाली पीढ़ी को एक मजबूत और समृद्ध उत्तराखंड मिल सके। हम सभी को मिलकर राज्य की सांस्कृतिक धरोहर और प्राकृतिक संपदा को सहेजते हुए विकास की दिशा में कार्य करना होगा।

ऋतु खंडूडी भूषण ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने जो वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना देखा है, उसमें उत्तराखंड राज्य की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारे राज्य में अपार संसाधन और प्राकृतिक सौंदर्य है, और अगर हम इनका सही उपयोग करें तो हम न केवल अपने राज्य को, बल्कि पूरे देश को प्रगति की दिशा में और अधिक मजबूत बना सकते हैं।

कार्यक्रम में अपर सचिव संसदीय एवं विधायी अरविन्द भट्ट, प्रभारी सचिव विधानसभा हेम पंत, विशेषकार्य अधिकारी अशोक शाह, संयुक्त सचिव चंद्र मोहन गोस्वामी, उपसचिव मनोज जसपुरिया, विशाल शर्मा, नरेंद्र रावत, अजय अग्रवाल, रवि बिष्ट, पंकज पुंडीर, प्रकाश रावत आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button