महिला आयोग की अध्यक्ष ने जाना आपदा पीड़ितों का हाल
कुसुम कंडवाल ने मालदेवता में सरखेत गांव के प्रभावित परिवारों से की मुलाकात
देहरादून। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल (Kusum Kandwal) ने मालदेवता में सरखेत गांव के आपदा पीड़ितों का हालचाल जाना। बातचीत में कंडवाल ने प्रभावितों को पुनर्वास और रोजगार का मसला सरकार के समक्ष रखने को आश्वस्त किया।
रविवार को महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल मालदेवता पहुंची। यहां उन्होंने स्कूल में ठहराए गए सरखेत गांव के आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। साथ ही उन्हें मिलने रह सुविधाओं का जायजा लिया। कंडवाल ने गांव में हताहत परिवारों के परिजनों से भी बातचीत की।
इसबीच उन्होंने प्रभावित परिवारों से आपदा की घटना के अलावा उनकी समस्याओं को भी सुना। महिलाओं की विस्थापन की मांग पर कंडवाल ने इसके साथ रोजगार के मसले को भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के सक्षम रखने का भरोसा दिया। मौके पर अनुराधा वालिया, अंजू बलूनी और पुलिस अधिकारी मौजूद थे।