
ऋषिकेश। गुमानीवाला अंतर्गत रूषाफार्म में कांग्रेसजनों ने महिलाओं और बुजुर्गों को भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के साथ ही कांग्रेस के विकास कार्यों और भावी निर्णयों से अवगत कराया।
शुक्रवार को संवाद कार्यक्रम के दौरान एआईसीएसी सदस्य जयेन्द्र रमोला ने उन्हें विधानसभा चुनाव 2022 के मद्देनज़र बूथस्तर पर महिलाओं और बुजुर्गों के साथ बातचीत की। इस दौरान रमोला ने उन्हें महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल और रसोई गैस के बेतहाशा बढ़ते दामों समेत देश और प्रदेश में भाजपा शासन का चिट्ठा खोला।
रमोला ने कहा कि आज महंगाई के कारण महिलाओं की रसोई सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है। मौजूदा सरकार के दौर में युवाओं बेरोजगार हैं, तो आम आदमी की आर्थिक तौर पर कमर टूट चुकी है। महंगाई के कारण लोगों को गुजारा करना मुश्किल हो गया है। प्रदेश में भी हालात बदतर हैं। कहा कि सबको एकजुट होकर भाजपा को 2022 प्रदेश से और 2024 में प्रदेश से उखाड़ फेंकने का काम करना होगा।
कार्यक्रम में बूथ जिला प्रभारी गजेन्द्र विक्रम शाही, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष अंशुल त्यागी, जितेन्द्र त्यागी, सरोजिनी देवी, बसंती देवी, मीना कंडियाल, रोशनी देवी, दर्शनी रावत, शकुंतला देवी आदि मौजूद थे।