डुंग्री में धामी ने पीड़ितों को दिलाया मदद का भरोसा
सीएम पौड़ी और चमोली गढ़वाल के दौरे पर निकले, महाराज और धन सिंह साथ

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तीसरे दिन भी राज्य के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर हैं। आज धामी जनपद चमोली और पौड़ी गढ़वाल के प्रभावित इलाकों में आपदा का जायजा लेने के साथ ही पीड़ितों से भी मिलेंगे। खबर है कि सीएम धामी सबसे पहले चमोली जिले में अतिवृष्टि से तबाह हुए डुंग्री गांव पहुंच चुके हैं।
सीएम ने डुंग्री में आपदा के दौरान लापता लोगों के परिजनों से मुलाकात कर उनका दुख साझा किया। साथ ही उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया। डुंग्री में एक दिन पहले दो लोग भूस्खलन की चपेट में आने से लापता बताए जा रहे हैं।
सीएम धामी इसके बाद जनपद पौड़ी में भी अतिवृष्टि से प्रभावित इलाकों में जाएंगे। उनके साथ आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और पर्यटन एवं सिचाई मंत्री सतपाल महाराज भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने इससे पहले 20 अक्टूबर को कुमाऊं मंडल के आपदाग्रस्त क्षेत्रों का वृहद दौरा किया था। 21 अक्टूबर को उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ प्रभावित क्षेत्रों में दो घंटे तक हवाई दौरा किया। इसबीच उन्होंने सरकारी तंत्र को हर वक्त अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए थे।
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार के स्तर पर आपदाग्रस्त क्षेत्रों में राहत और बचाव के कार्यों को तेजी कराया जा रहा है। मृतकों के परिजनों के लिए 4 लाख रुपये का मुआवजा और तत्काल मदद के तौर पर 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। कहा कि अब प्रदेश में स्थिति सामान्य हो रही है।