उत्तराखंडविविध

हिमालय दिवस पर लोगों को सीएम की सौगात

इलेक्ट्रिक वाहनों पर मिलेगी प्रोत्साहन राशि, मुख्यमंत्री का ऐलान

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनो की खरीद पर प्रोत्साहन राशि की घोषणा की। कहा कि इससे राज्य में वायु प्रदूषण को रोकने में मदद मिलेगी। यह राशि पहले 5000 दो पहिया और 1000 चार पहिया वाहनों के लिए अनुमन्य होगी।

सीएम धामी ने यह बात हिमालय दिवस पर आयोजित वेबिनार के दौरान कही। कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों पर प्रोत्साहन राशि से लोगां में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। कहा कि राज्य में निजी इलेक्ट्रिक दो पहिया और चार पहिया वाहनों की खरीद पर पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड द्वारा प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। जो कि प्रथम 5 हजार दो पहिया और प्रथम 1 हजार चार पहिया वाहनों के लिए अनुमन्य होगी।

प्रोत्साहन की धनराशि दो पहिया वाहनों के लिए वाहन के मूल्य का 10 प्रतिशत अथवा रुपये 7500 जो कम हो और चार पहिया वाहनों के लिए वाहन के मूल्य का 5 प्रतिशत अथवा रुपये 50,000 जो कम हो, होगा। धनराशि बैक एंडेड सब्सिडी के रूप में डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक व वित्तीय संस्थाओं या डीलर को उपलब्ध करायी जाएगी।

सीएम ने इसी प्रकार इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जिंग हेतु स्थापित किए जाने वाले चार्जिंग स्टेशन के विद्युत अधिभार को दो वर्षों तक के लिए घरेलू श्रेणी में रखने की घोषणा भी की। यह स्थापित होने वाले प्रथम 250 चार्जिंग स्टेशन के लिए अनुमन्य होगा। बताया कि चार्जिंग स्टेशन ऐसा कोई भी व्यक्ति या संस्था स्थापित कर सकती है जिनके पास पर्याप्त स्थान और स्थानीय नगर निकाय की अनुमति होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button