अतिथि बिल प्रकरण में बीकेटीसी की जांच समिति गठित
अध्यक्ष द्विवेदी बोले- समिति तीन सप्ताह में देगी अपनी रिपोर्ट

ऋषिकेश। सोशल मीडिया में केदारनाथ में विशिष्ट अतिथियों से जुड़े बिलों के प्रकरण में बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति हरकत में आई है। अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विभागीय समिति गठित कर दी गई है।
बीकेटीसी अध्यक्ष द्विवेदी ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच एवं सत्यता सामने लाने के उद्देश्य से बीकेटीसी की चार सदस्यीय विभागीय जांच समिति का गठित की गई है। मंदिरों के दान के पैसों का किसी भी स्तर पर दुरपयोग नहीं करने दिया जायेगा। साथ ही दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
द्विवेदी ने कहा कि मंदिर समिति पारदर्शिता व जवाबदेही के सिद्धांतों के अनुरूप जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों को सार्वजनिक करेगी।
मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ के आदेश अनुसार गठित जांच समिति में वित्त नियंत्रक हेम कांडपाल, अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी, विधि अधिकारी एसएस बर्त्वाल और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजन नैथानी को शामिल किया गया है। समिति प्रकरण की तीन सप्ताह में जांचकर अपनी रिपोर्ट देगी।



