
उत्तराखंड में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। तापमान तेजी से गिर रहा है। जिसके चलते खासकर मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ने लगी है। तभी मौसम विशेषज्ञों ने इस बार जबरदस्त ठंड का अनुमान बताया है। लिहाजा, ऐसे में लोगों को अलर्ट रहने की अधिक जरूरत है। खासकर बीमार लोगों को अधिक एहतियात बरतनी होगी।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार मानसून देरी से विदा होने के कारण अभी से असर दिखने लगा है। दिवाली की रात इस साल की सबसे सर्द रात रही है। तराई से लेकर पहाड़ तक न्यूनतम तापमान में सामान्य से दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह के मुताबिक दिवाली की रात तराई का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। सड़कों पर पाला गिरने से रात के समय तापमान भी लगातार नीचे आने लगा है।
उधर, आपदा प्रबंधन के मुताबिक इस बार नवंबर माह की शुरुआत में ही तापमान 6 डिग्री पहुंचा है। बीते सालों तक यह हालात 20 नवंबर के बाद रहता था। जो कि चिंता का विषय बताया जा रहा है। मौसम विज्ञानियों ने भी अधिक ठंड की चेतावनी दी है।
ला-नीना के असर के कारण मौसम विभाग ने उत्तर भारत के साथ ही उत्तर पूर्व एशिया में ठंड की चेतावनी जारी की है। इस साल प्रशांत क्षेत्र में ला-नीना तेजी से उभर रहा है। इसमें समुद्र का पानी तेजी से ठंडा होना शुरू हो जाता है।
बता दें कि समु्द्र का पानी ठंडा होने की प्रक्रिया को ला-नीना और गर्म होने की प्रक्रिया को अल-नीनो कहते हैं। इसका सीधा असर हवाओं पर पड़ता है।