
ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (Aiims) का छठवां दीक्षांत समारोह गुरुवार को आयोजित किया जाएगा। समारोह में उपराष्ट्रपति उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 386 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान करेंगे। इस अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल भी मौजूद रहेंगे।
मंगलवार को संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर डॉ. मीनू सिंह और डीन एकेडमिक प्रो. डॉ. सौरभ वार्ष्णेय ने प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। बताया कि इस वर्ष मेधावियों को कुल 23 पदक प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 13 स्वर्ण, 5 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार सबसे अधिक पदक एमबीबीएस के छात्र डॉ. देवांग अग्रवाल के नाम हैं। जिन्हें सर्वाधिक 07 पदक, 07 सर्टिफिकेट ऑफ ऑनर और 01 सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस से नवाजा जाएगा। दूसरे स्थान पर डॉ. रश्मीत कौर को 02 पदक और 05 अन्य सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इनके साथ कुल 386 छात्रों को एमबीबीएस, नर्सिंग, एमडी, एमएस, डीएम और पीएचडी जैसी उपाधियां दी जाएंगी।
कार्यकारी निदेशक ने बताया कि एम्स ऋषिकेश वर्तमान में 49 विभागों के माध्यम से सुपर-स्पेशियलिटी सेवाएं दे रहा है। संस्थान ने अब तक 1.5 लाख से अधिक सर्जरी और 7,000 से अधिक नवजात उपचार सफलतापूर्वक संपन्न किए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के दुर्गम और पर्वतीय क्षेत्रों के लिए एम्स ने टेलीमेडिसिन, डिजिटल हेल्थ, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और एरोमेडिकल सेवाओं जैसी अत्याधुनिक पहल शुरू की हैं।



