‘हर हर महादेव’ की गूंज के साथ खुले बाबा केदार के द्वार
मुख्यमंत्री धामी रहे साक्षी, पीएम मोदी के नाम से हुई पहली पूजा

केदारनाथ। विश्वप्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार प्रातः 8 बजे पूरे विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा मंदिर परिसर “हर हर महादेव” और “ओम नमः शिवाय” के जयघोष से गूंज उठा।
कपाट खुलने की प्रक्रिया सुबह 5 बजे से शुरू हुई। प्रातः साढ़े पांच बजे से मंदिर परिसर में बीकेटीसी के कर्मचारी तैनात हो गए थे। सुबह 7 बजे केदारनाथ धाम के रावल भीमाशंकर लिंग, पुजारी टी. गंगाधर लिंग, विधायक आशा नौटियाल, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, धर्माचार्य और वेदपाठी मंदिर में प्रवेश कर गर्भगृह के द्वार की पूजा-अर्चना में शामिल हुए। इसके बाद विधिवत पूजा संपन्न कर ठीक 8 बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए।
कपाटोद्घाटन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष रूप से केदारनाथ धाम पहुंचे और पूजा-अर्चना में भाग लिया। उन्होंने संकल्प लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से प्रथम पूजा अर्पित की और भगवान भोलेनाथ से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा केदार का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और उत्तराखण्ड निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केदारनाथ सहित चारधाम उत्तराखंड की आध्यात्मिक पहचान हैं। राज्य सरकार तीर्थयात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव कराने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। बताया कि वह स्वयं यात्रा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा कर रहे हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों को यात्रा मार्ग, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखने के निर्देश दिए।
बताया गया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के लिए अब तक साढ़े 20 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं, जिससे इस बार रिकॉर्ड संख्या में यात्रियों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने के ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए लगभग 10 हजार से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंचे। इस अवसर पर केदारनाथ धाम को 15 क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए बड़े स्तर पर भंडारों का आयोजन भी किया गया।
केदारनाथ में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, जिलाधिकारी एवं बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विशाल मिश्रा समेत तीर्थ पुरोहित, हक-हकूकधारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।



