
शिखर हिमालय डेस्क
ऋषिकेश। आम आदमी पार्टी से मुख्यमंत्री के दावेदार कर्नल अजय कोठियाल कहा कि उत्तराखंड को आध्यात्मिक राजधानी बनाने के लिए पार्टी ने रोड मैप तैयार कर लिया है। वह इस पर संत महात्माओं का मत जानने के लिए उनसे मिल भी रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने हरिद्वार में महामंडलेश्वर ललितानंद गिरी और जगद्गुरु शंकराचार्य राजराजेश्वर से मुलाकात की।
कर्नल कोठियाल ने कहा कि आध्यात्मिक राजधानी पर पार्टी का वर्क आउट शुरू हो गया है। वेबसाइट लॉन्च करने के बाद अब लोगों अपील है कि वह रजिस्ट्रेशन करें। कहा कि पार्टी का उद्देश्य अध्यात्म से रोजगार को जोड़ना है। आप ही इसे धरातल पर उतारेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देवभूमि कहा जाता है। जिसका अपना अलग ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और अध्यात्मिक महत्व है।
उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक राजधानी का आशय धार्मिक स्थलों में विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करना है। ताकि श्रद्धालुओं यहां बार-बार आएं। रोजगार के अवसर विकसित हों और स्थानीय लोगों की आर्थिकी मजबूत हो। ऐसे में युवाओं को पलायन से भी छुटकारा मिल सकता है।
कर्नल कोठियाल ने इससे पूर्व हरिद्वार स्थित भारतमाता मंदिर के दर्शन के बाद महामंडलेश्वर ललितानंद गिरी और फिर कनखल में जगद्गुरु शंकराचार्य राजराजेश्वर से उनका आशीर्वाद लिया। वह दक्षिण कालेश्वर मंदिर में निरंजन पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर आचार्य कैलाशानंद से भी मिले।
इस अवसर पर उत्तराखंड के सह प्रभारी राजीव चौधरी, चुनाव कैंपेनिंग प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाली, आप बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजे सिंह नेगी, विक्रांत भारद्वाज, रंजीत नेगी, देवेंद्र बिष्ट आदि मौजूद थे।