
ऋषिकेश (शिखर हिमालय डेस्क)। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के करीब आते ही राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियों को अंजाम देना शुरू कर दिया है। आम आदमी पार्टी नवंबर महीने में सबसे पहले प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर सकती है। इसके लिए पार्टी फोरम में प्रत्येक सीट पर संभावित नामों पर मंथन का दौर जारी है। समाजसेवी डॉ. राजे सिंह नेगी की सक्रियता और पहचान के आधार पर ऋषिकेश विधानसभा सीट पर उनका नाम लगभग फाइनल माना जा रहा है। इसका अनुमान उन्हें विधानसभा क्षेत्र बनाए जाने से लगाए जा रहे हैं।
आप के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने पार्टी ने महज एक वर्ष के भीतर डॉ. नेगी को तीसरी जिम्मेदारी दी है। उन्होंने नेगी को ऋषिकेश विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किया है। एक वर्ष पूर्व डॉ. नेगी समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी से जुड़े थे। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और क्षेत्र में सक्रियता के चलते पार्टी ने सबसे पहले उन्हें जिला मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद उन्हें बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। अब नेगी को नया दायित्व सौंपा गया है। जिससे उनके टिकट को लगभग फाइनल माना जा रहा है।
उधर, डॉ. राजे सिंह को आम आदमी पार्टी में नया दायित्व मिलने पर उनके समर्थकों ने हर्ष जताया। कहा कि नेगी पार्टी द्वारा दी जाने वाली हर जिम्मेदारी को बेहतर ढंग से निभाने में सक्षम हैं। हर्ष जताने वालों में संगठन मंत्री दिनेश असवाल, जिला अध्यक्ष अमित बिश्नोई, महिला मोर्चा की अध्यक्ष पुष्पा पांडेय, दिनेश कुलियाल, चन्द्रमोहन भट्ट, प्रभात झा, रजनी कश्यप, कुसुम राठी, योगाचार्य भारती, उषा बुडाकोटी, मनमोहन नेगी, अजय रावत, विक्रांत भारद्वाज, नरेन सिंह, धनपाल रावत, प्रवीन असवाल, मंजू शर्मा, लोकेश तायल आदि शामिल हैं।