Uncategorized

यमकेश्वरः योगी-धामी ने विकास योजनाओं का किया लोकार्पण

• बिथ्याणी महाविद्यालय को आदर्श कॉलेज बनाने व मिनी स्टेडियम की घोषणा

• अपने पैतृक गांव पंचूर भी पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ

यमकेश्वर/ऋषिकेश। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को यमकेश्वर क्षेत्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। क्षेत्र के विकास को लेकर कई घोषणाएं भी कीं।

महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी में कार्यक्रम से पूर्व दोनों ही मुख्यमंत्रियों ने यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने महाविद्यालय में गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

इस दौरान महाविद्यालय की एआई आधारित वेबसाइट का डिजिटल उद्घाटन भी किया गया। वेबसाइट की कार्यप्रणाली की जानकारी त्रिलोक चंद्र शर्मा ने दी। मुख्यमंत्री योगी ने एआई बॉट से परीक्षा प्रणाली और परिणामों की जानकारी ली, जबकि मुख्यमंत्री धामी ने छात्र संख्या और कौशल विकास से जुड़े प्रश्न पूछे।

बिथ्याणी कॉलेज बनेगा आदर्श संस्थान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिथ्याणी महाविद्यालय को आदर्श कॉलेज के रूप में विकसित करने और क्षेत्र में मिनी स्टेडियम निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की घोषणा की। कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आधुनिक शिक्षा और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। कॉलेज को हाईटेक बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।

ओपन जिम का लोकार्पण
कार्यक्रम में महाविद्यालय के नए भवन और सेमिनार हॉल का उद्घाटन और ‘विकसित भारतः एक संकल्प’ पुस्तक का विमोचन भी किया गया। युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के लिए परिसर में ओपन जिम का लोकार्पण किया गया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने जिम उपकरणों पर व्यायाम कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

पैतृक गांव पंचूर पहुंचे योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर भी पहुंचे। यहां उन्होंने श्री विष्णु महायज्ञ में भाग लिया और ग्रामीणों व परिजनों के साथ धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि तीन वर्ष पहले जहां केवल श्रद्धा का केंद्र था, वहां आज भव्य मंदिर का निर्माण हो चुका है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच अपनाने और आध्यात्मिकता से जुड़ने का आह्वान भी किया।

यह रहे मौजूद
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ धन सिंह रावत, पूर्व सीएम एवं सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधायक रेनू बिष्ट, निदेशक उच्च शिक्षा डॉ आनंद उनियाल, डीएम स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ गिरीश गुणवंत, एसडीएम चतर सिंह चौहान, प्राचार्य डॉ योगेश कुमार शर्मा, राजगौरव नौटियाल आदि।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button