देहरादून

जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति पर सीडीओ सख्त

मानसून से पहले गुणवत्ता जांच और सर्टिफिकेशन पूरा करने के निर्देश

देहरादून। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजनाओं की धीमी प्रगति और गुणवत्ता जांच में लापरवाही पर नाराजगी जताई है। उन्होने अधिकारियों को लंबित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। कहा कि योजनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है।

विकास भवन सभागार में आयोजित जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक में सीडीओ ने फेस-2 की शेष योजनाओं को तेजी से पूरा कराने और पूर्ण योजनाओं का थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन कर हर घर जल सर्टिफिकेशन सुनिश्चित करने को कहा। पिछली समीक्षा के लक्ष्य पूरे न होने और डोईवाला विकासखंड में पेयजल गुणवत्ता जांच शुरू न होने पर उन्होंने संबंधित इंजीनियरों से स्पष्टीकरण भी तलब किया।

उन्होंने मानसून से पहले सभी गांवों में पानी की गुणवत्ता जांच पूरी करने, ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समितियों का पुनर्गठन करने और नल जल मित्रों को योजनाओं के रखरखाव में सक्रिय भूमिका देने के निर्देश दिए। प्रशिक्षित युवाओं को जल गुणवत्ता परीक्षण किट के उपयोग का प्रशिक्षण देकर नियमित जांच सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

बैठक में बताया गया कि फेस-2 के तहत 760 में से 734 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 26 योजनाएं बजट के अभाव में लंबित हैं। 628 गांवों में से 585 गांवों में हर घर जल सर्टिफिकेशन पूरा हो चुका है। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान ग्रामीण नमित रमोला, अधीक्षण अभियंता जल निगम निशा सिंह, अधिशासी अभियंता रविंद्र बिष्ट, राजेन्द्र पाल, राजेश निर्वाल, कंचन रावत, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, डीपीआरओ मनोज नौटियाल, उप प्रभागीय वनाधिकारी अभिषेक मैठाणी आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button