श्री हेमकुंड साहिब के कपाट खुले, 5 हजार श्रद्धालु बने साक्षी
लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट भी दर्शनार्थियों के लिए खोले गए
Shri Hemkund Sahib: समुद्रतल से 15225 फीट की ऊंचाई पर स्थित सिक्खों के प्रसिद्ध तीर्थ श्री हेमकुंड साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुल गए हैं। इस अवसर पर पंज प्यारों के साथ 5 हजार तीर्थयात्री कपाट खुलने के साक्षी बने। वहीं आज लक्ष्मण मंदिर के कपाट भी दर्शनार्थियों के लिए खोल दिए गए हैं। इसके साथ ही दोनों ही तीर्थों में दर्शनों और पूजा अर्चना शुरू हो गई है।
आज श्री हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने की प्रक्रिया सुबह 9 बजे शुरू हुई। साढ़े 9 बजे गुरुग्रंथ साहिब को सचखंड से पंज प्यारो की अगुवाई में दरबार साहिब लाया गया। 10 बजे दर्शनार्थियों के लिए खोल दिए गए। इसीबीज सुखमणि का पाठ शुरू हुआ। शबद कीर्तन के बाद दोपहर साढ़े 12 बजे दरबार साहिब में इस साल की पहली अरदास की गई और एक बजे हुक्मनामा लिया गया।
कपाट खुलने के दौरान पंजाब से आए बैंड की धुन और जो बोले सो निहाल का जयघोष हिमालय के शिखर पर गुंज उठा। श्री हेमकुंड साहिब पहुंचे करीब 5 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में स्नान के बाद गुरुद्वारे में मत्था टेका और अरदास की।
उधर, भ्यूंडार के ग्रामीणों ने लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट भी दर्शनार्थियों के लिए खोल दिए हैं। इसबीच लक्ष्मण मंदिर में श्रद्धालुओं के साथ पूजा अर्चना की गई। श्री हेमकुंड साहिब में शनिवार को पंज प्यारों की अगुवाई में हजारों श्रद्धालुओं का जत्था पहुंच गया था। जिसके साथ ही भ्यूंडार वैली में दो वर्ष बाद चहलपहल लौट आई है।
श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट और प्रशासन ने गोविंदघाट से लेकर घांघरिया और हेमकुंड में सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि एक दिन में 5 हजार श्रद्धालुओं को श्री हेमकुंड जाने की अनुमति है। गोविंदघाट में यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।