Uttarakhand Assembly Election 2022: उत्तराखंड में विधानसभा के लिए चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने खटीमा में मोदी सरकार पर जमकर हमाला बोला। कहा कि पूरे देश की नीतियां सिर्फ दो उद्योगपतियों के हितों को लेकर बन रही हैं। मोदी सरकार केवल दो उद्योगपतियों की सरकार बनकर रह गई है।
उत्तराखंड में प्रचार के लिए पहुंची प्रियंका गांधी ने खटीमा में जनसभा को संबोधित किया। कहा कि जब बजट आता है तो गरीबों, किसानों, मध्यम वर्ग, छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए कुछ भी नहीं दिया जाता है। सिर्फ पीएम के दो दोस्तों पर बजट केंद्रित होता है। प्रियंका ने कहा कि एक राजनीतिक नेता का सबसे बड़ा कर्तव्य क्या है? जनता की सेवा, उनका विकास। आज सभी भाजपा नेता आपके सीएम से लेकर देश के पीएम तक केवल अपने विकास के बारे में सोच रहे हैं। कोई आपके बारे में नहीं सोच रहा है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि यहां पलायन ज्यादा है। यह तब होता है जब राज्य में नौकरियां पैदा नहीं हो रही हैं। आपके राज्य में सब कुछ है। हिमालय, प्रकृति, पर्यटन के अवसर है, लेकिन रोजगार नहीं। लोग नौकरी के लिए यहां से पलायन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस जरूर सत्ता में आएगी, क्योंकि जनता भाजपा सरकार से थक चुकी है। मुख्यमंत्री को लोगों को बताना चाहिए कि वह महंगाई पर लगाम लगाने और रोजगार बढ़ाने के लिए क्या करने जा रहे हैं। वह महिलाओं के लिए क्या करने जा रहे हैं।
खटीमा के बाद प्रियंका ने हल्द्वानी की जनसभा में कहा कि भाजपा ने पांच साल में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। सरकार की कुनीतियों और बदनीयत ने प्रदेश को बर्बादी के मुहाने तक पहुंचाया। कोरोनाकाल में भाजपा सरकार ने लोगों को दाने-दाने के लिए मोहताज किया, अलग-अलग शहरों में उत्तराखंड के लोगों को बंधक बनाया, तब परेशान लोगों की मदद कांग्रेस ने की, कांग्रेस का हाथ हमेशा से उत्तराखंड के साथ है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य को बेरोजगारी का दंश दिया और युवाओं को बेकारी के दलदल में धकेला है। कांग्रेस युवाओं को उस बेरोजगारी के दलदल से कांग्रेस निकालेगी। कांग्रेस चार लाख युवाओं को रोजगार देगी। प्रियंका गांधी ने खटीमा, हल्द्वानी और श्रीनगर गढ़वाल में भी चुनावी रैलियों को संबोधित किया।