उत्तराखंड

उत्तराखंडः ड्राफ्ट लिस्ट में 71,33,785 वोटर्स के नाम

SIR का दूसरा चरण शुरू, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दी जानकारी

देहरादून, 30 जुलाई। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है। पहले चरण के बाद 71,33,785 वोटर्स के नाम ड्राफ्ट लिस्ट में शामिल किए गए हैं।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने मीडिया सेंटर में प्रेस से यह जानकारी साझा की। बताया कि मतदाता ड्राफ्ट सूची में अपना नाम और अन्य जानकारियों को देख सकते हैं। सूची वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in के साथ ही डीईओ / ईआरओ/बीएलओ के स्तर पर भी उपलब्ध कराई गई हैं।

उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं की जानकारी में विसंगति पाई गई है, उनको बीएलओ के माध्यम से नोटिस जारी किए जा रहे हैं। जिसका उसका जवाब देने के लिए पर्याप्त समय दिया जा रहा है। विधानसभाओं में एईआरओ व ईआरओ द्वारा नोटिस की सुनवाई के लिए बूथ स्तर पर बीएलओ व अन्य अधिकारी उपलब्ध रहेंगे। बीएलओ मतदाता के दस्तावेज देखकर रिपोर्ट तैयार करेंगे। मैदानी क्षेत्र के मतदाताओं की सुविधा के लिए बूथ लेवल अथवा बूथ से नजदीकी स्थानों पर कैंप लगाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि मतदाताओं को 14 जुलाई से 13 अगस्त के बीच फार्म 6, 7 और 8 पर दावे व आपत्तियों को दर्ज करने का समय दिया गया है। 14 जुलाई से 11 सितंबर तक नोटिस की अवधि व आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। कोई मतदाता ईआरओ के निर्णय से संतुष्ट नहीं है तो वह दो सप्ताह के भीतर डीएम कार्यालय में अपील कर सकता है। डीएम के निर्णय से असंतुष्ट होने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधान के तहत अपील दर्ज कर सकता है।

डॉ. जोगदंडे ने बताया कि ऐसे नागरिक जिनका नाम मतदाता सूची में अभी तक शामिल नहीं है, वह फार्म 6 भरकर अपने नाम दर्ज करवाने के लिए ऑफलाइन मोड में सम्बंधित बीएलओ से और ऑनलाइन मोड में ईसीआई-नेट ऐप के जरिए आवेदन कर सकते हैं। साथ ही फार्म 7 और 8 के जरिए नाम हटवाने और नाम में सुधार किया जा सकता है। वर्तमान में फार्म 6 और 8 के साथ एनेक्चर 4 भरना अनिवार्य है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button