
Uttarakhand Politics: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के परिणाम आने से पहले ही सियासी बम फूटने लगे हैं। सत्ता में आने को लेकर भाजपा में तो हलचलें तेज थी ही, अब बदरीनाथ विधानसभा के विधायक महेंद्र भट्ट ने भी एक बयान से प्रदेश की राजनीति को और भी गर्मा दिया है। वह प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने का दावा तो कर ही रहे हैं, इससे आगे यह भी कह गए कि सर्वे के अनुसार कांग्रेस के जो जीतने वाले प्रत्याशी हैं, उनसे हमारे भी संपर्क हैं, बातचीत हो रही है।
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के परिणामों को लेकर भले ही कांग्रेस और भाजपा मतदान के बाद तक बहुमत के दावों को करती रही। लेकिन हाल के दिनों में जिस तरह से दोनों ही दलों की लीडरशिप जिस तरह से सक्रिय हुई है, उससे लग रहा है कि नतीजे त्रिशंकु हो सकते हैं। ऐसे में खासकर भाजपा ने अपने संधान शुरू कर दिए हैं। बीजेपी हाईकमान से लेकर स्टेट लेवल के नेता हर तरह की कोशिशों में जुटे बताए जा रहे हैं।
इसबीच बदरीनाथ के विधायक महेंद्र प्रसाद भट्ट ने एक बयान से राजनीतिक पारा और बढ़ा दिया है। उनके बयान सच साबित हुआ तो 10 मार्च के बाद कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। यह भी कि कांग्रेस जिन अन्य दलों और निर्दलीयों को साधने की फिराक में है, वह भी कदाचित उनके छिटकने से कांग्रेस का सत्ता में आने का सपना धरा रह जाएगा।
भाजपा में पुराने कांग्रेसियों से जुड़े मीडिया के एक सवाल पर महेंद्र भट्ट कहते हैं कि देखिए पिछली बार की परिथितियां अलग थी, इस बार की परिस्थितियों अलग है। इसबार सरकार बनेगी। वो भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं। पांच साल उनको भी आए हुए हो गए। कार्यकर्ता उनको पहचानते हैं, कार्यकर्ताओं के काम भी होंगे एक अच्छी पद्धित के साथ आगे बढ़ेंगे।
एक अन्य सवाल पर कांग्रेस मुक्त भारत बनाना है तो सब लोग आएंगे। और भी लाने हैं। यह सवाल कि- क्या कुछ लोगों से बात हो रही है? तो भट्ट कहते हैं कि बिलकुल हो रही है, बहुत लोगों से हो रही है। और जैसा सर्वे आ रहे है, सर्वे के आधार पर कहीं ऐसा लगता है कि वो व्यक्ति जीतने वाला है, तो हमारे भी संपर्क हैं। उनसे हम बात कर रहे हैं।