उत्तराखंड की सियासत में आज एक नया मामला सामने आया। टिहरी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी किशोर उपाध्याय ने कांग्रेस प्रत्याशी धन सिंह नेगी को मानहानि का नोटिस भेजा है। नोटिस में किशोर ने धन सिंह पर उनके अपमान करने का आरोप लगाया है। कहा गया है कि नेगी तीन दिनों में माफी मांगे, अन्यथा अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
दरअसल, विधानसभा चुनाव 2022 में भारतीय जनता पार्टी ने टिहरी सीट के अपने मौजूदा विधायक धन सिंह नेगी को टिकट देने की बजाए कांग्रेस छोड़कर पार्टी में शामिल किशोर उपाध्याय को अपना उम्मीदवार बनाया। जिस पर धन सिंह नेगी ने अपने बयानों में किशोर उपाध्याय पर 10 करोड़ रुपये में टिकट खरीदने का आरोप लगाया था। तब इस मामले पर किशोर की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
विधानसभा चुनाव के लिए मतदान समाप्त होने के कई दिन बाद किशोर ने नेगी के आरोपों अपनी मानहानि मानते हुए अधिवक्ता के माध्यम से नोटिस भेजा है। जिसमें कहा गया है कि धन सिंह नेगी द्वारा मीडिया में दिए गए बयानों के जरिए उपाध्याय का अपमान किया गया।
नोटिस में धन सिंह नेगी का बयान कई इलेक्ट्रोनिक मीडिया चैनल में प्रसारित होने के साथ ही पैसे के बड़े लेन देन और 10 करोड़ में टिकट खरीदने की बात भी शामिल है। कहा गया है कि नेगी द्वारा उपाध्याय पर बेबुनियाद आरोप लगाया गया। जो कि एक प्रतिष्ठित नागरिक और निष्ठावान जनसेवक के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न लगाता है। कहा गया है कि उपाध्याय के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने, उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को आघात पहुंचाने के मकसद से जान बूझकर ये बयान दिए गए है। क्षति का आकलन मूल्य में नहीं किया जा सकता है।
नोटिस के माध्यम से मांग की गई है कि पत्र प्राप्ति के तीन दिन में लिखित माफी मांगने के साथ चैनलों में बयान जारी कर अपने संबंधित व्यक्तव्य का खंडन करें। अन्यथा, उन्हें कानूनी कार्यवाही का संवैधानिक अधिकार है। जिसके तहत कार्यवाही की जाएगी। जिसका संपूर्ण दायित्व आपका होगा।