सरकार आंदोलनकारियों के कल्याण को प्रतिबद्ध : धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार राज्य आंदोलनकारियों के कल्याण के लिए बचनबद्ध है। राज्य का विकास शहीदों के सपनों के अनुरूप हो इसके लिए सरकार प्रयासरत है।
शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कचहरी पहुंचकर शहीद स्मारक पर उत्तराखंड राज्य आंदोलन के बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कहा कि आंदोलनकारियों के संघर्ष से ही राज्य मिला। उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार कृतसंकल्प है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश का आदर्श राज्य बनाने के लिए हमें एकजुट होकर कार्य करना होगा, ताकि शहीदों के सपनों के अनुरूप प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार आंदोलनकारियों के आश्रितों (पति-पत्नी) को भी आंदोलनकारी की मृत्यु की स्थिति में प्रतिमाह पेंशन का शासनादेश हो चुका है। साथ ही 31 दिसंबर 2021 तक राज्य आंदोलनकारियों का चिह्निकरण कार्य जारी रहेगा।
इस अवसर पर केन्द्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने भी शहीद उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।