Dehradun News: देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा सदस्य के रूप में विधिवत शपथ ग्रहण की। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
सोमवार को विधानसभा में शपथ ग्रहण के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड और खासतौर से चंपावत के आमजन का आभार जताया। कहा कि प्रदेश की जनता ने उन्हें भरपूर प्यार, स्नेह और आशीर्वाद दिया है। धामी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद कहा।
सीएम धामी ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को 2025 तक देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों की श्रेणी में लाने की हर संभव कोशिशें की जाएंगी। वह जनता के भरोसे के बूते अपनी पूरी क्षमता एवं ऊर्जा से कार्य करेंगे। जन सहभागिता से राज्य का चहुंमुखी विकास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उनके साथ प्रदेश के हर व्यक्ति ने राज्य के विकास संकल्प लिया है। कहा कि दृष्टिपत्र (संकल्प पत्र) में किए गए वायदों को गंभीरता से पूरा किया जा रहा है। पहली कैबिनेट में ही हम राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में आगे बढ़े हैं।