
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी 2022 के आम चुनाव के लिए हर कदम पर अपनी तैयारियों को पुख्ता करने में लगी है। इस दिशा में प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर विधानसभा चुनाव प्रबंधन समिति के विभागों की 33 नामों की लिस्ट जारी की है। जिसकी जानकारी प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने प्रेस को दी।
विधानसभा चुनाव 2022 के लिए सांसद अजय भट्ट को चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक बनाया गया है। जबकि अनिल बलूनी, तीरथ सिंह रावत, अजय टम्टा, बलराज पासी, ज्योति प्रसाद गैरोला, गोविंद सिंह बिष्ट और महेंद्र भट्ट को सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। मीडिया विभाग के प्रमुख सुरेश जोशी और सह प्रमुख बलजीत सोनी, सुशील त्यागी होंगे।
पार्टी के संकल्प पत्र (घोषणापत्र) को तैयार करने का जिम्मा बतौर प्रमुख रमेश पोखरियाल निशंक और सह प्रमुख नरेश बंसल, बिशन सिंह चुफाल, सुबोध उनियाल, चंदन रामदास, हरभजन सिंह चीमा, रीतू खंडूरी, डॉ. ओपी कुलश्रेष्ठ पर रहेगा।
विशेष संपर्क अभियान के प्रमुख सांसद अजय भट्ट और पूर्व सीएम विजय बहुगुणा के साथ त्रिवेंद्र सिंह रावत, बंशीधर भगत, सतपाल महाराज, माला राज्यलक्ष्मी शाह, डॉ. हरक सिंह रावत, यशपाल आर्य और मनोज गर्ग सह प्रमुख रहेंगे। इसके अलावा अन्य विभागों के नामों को भी 33 लिस्ट में दर्शाया गया है।
One Comment