Uttarakhand: SIR सुनवाई में नहीं आए करीब 1 लाख वोटर
एक सप्ताह में मतदाता सूची के दावे-आपत्तियां निपटाने के निर्देश

देहरादून, 31 अगस्त। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) के तहत मतदाता सूची में दावे और आपत्तियों के निस्तारण को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को फार्म-6, 7 और 8 के लंबित मामलों का निस्तारण आगामी एक सप्ताह में करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारियों ने अपने-अपने जिलों में दावे और आपत्तियों पर अब तक हुई कार्रवाई और लंबित मामलों की सुनवाई को लेकर ब्यौरा दिया। बताया कि प्रदेश में ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल 71 लाख 33 हजार मतदाताओं के सापेक्ष अनमैप्ड और अन्य विसंगतियों से जुड़े 24 लाख 30 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से करीब 23 लाख मतदाताओं की सुनवाई पूरी हो चुकी है।
वहीं, करीब 1.10 लाख मतदाता निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुनवाई में उपस्थित नहीं हो सके। ऐसे मतदाताओं को दोबारा सुनवाई का अवसर दिया गया है। बताया कि निर्वाचन विभाग का उद्देश्य है कि किसी पात्र व्यक्ति का नाम प्रक्रिया के चलते न छूटे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी दावे और आपत्तियों की सुनवाई नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। उन्होंने फार्म-6, 7 और 8 के निस्तारण की प्रगति की भी जिलेवार जानकारी ली।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास आदि मौजूद रहे।



