देहरादून

Dehradun: सैनिक की जमीन पर किसी दूसरे ने बनाया मकान

समाधान दिवस पर 87 शिकायतें दर्ज, अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश

देहरादून, 31 अगस्त। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित समाधान दिवस पर 87 शिकायतें दर्ज की गईं। जनसुनवाई में सबसे अधिक मामले भूमि विवाद, अवैध कब्जे और निर्माण के सामने आए। एडीएम (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा ने अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए।

मारूति विहार (राझांवाला) में सरकारी भूमि पर भू-माफिया के कब्जे की शिकायत पर एसडीएम सदर को तत्काल कार्रवाई कर भूमि कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए गए।

रानीपोखरी क्षेत्र में एक सैनिक की खरीदी जमीन पर दूसरे व्यक्ति द्वारा मकान बनाए जाने का मामला भी सामने आया। शिकायतकर्ता ने प्रॉपर्टी डीलर पर जमीन खरीद में फर्जीवाड़े का आरोप लगाया। रजिस्ट्री और दाखिल खारिज के बावजूद विवाद सामने आने पर तहसीलदार और एसएचओ ऋषिकेश को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

राजपुर रोड निवासी मधु गुप्ता की ईस्ट होप टाउन स्थित भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर एसडीएम और सीओ पुलिस को संयुक्त जांच सौंपी गई। नेहरूग्राम में पशु चिकित्सालय मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत पर एसडीएम सदर को कार्रवाई के निर्देश मिले।

भारतीय किसान संघ की बिन्हार क्षेत्र की छह ग्राम पंचायतों में भू-सर्वेक्षण और बंदोबस्त की मांग पर एसडीएम विकासनगर को स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए गए। कंडोगल में नाले से खेतों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवार और लाडपुर में बारिश से क्षतिग्रस्त पुश्ते के मामले में संबंधित विभागों को जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में भरण-पोषण, धमकी, आर्थिक सहायता और विद्यार्थियों की फीस से जुड़े मामले भी आए। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निस्तारण महज औपचारिकता न हो, बल्कि स्थलीय परीक्षण के बाद नियमानुसार प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

मौके पर एडीएम (प्रशा) स्मृता परमार, डीडीओ सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई दीक्षांत गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलाल भारती, मुख्य कृषि अधिकारी देवेन्द्र राणा आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button