
ऋषिकेश, 31 अगस्त। बदरीनाथ हाईवे पर मालाकुंठी के पास सोमवार सुबह डंपर और स्विफ्ट कार की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि दो घायल युवतियों का उपचार एम्स में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक एक स्विफ्ट कार (यूके12एफ-5035) में चार लोग ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रहे थे। मालाकुंठी के समीप मोड़ पर सामने से आ रहे डंपर से कार की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर डंपर के नीचे जा घुसा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीमों ने कार में फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला। दुर्घटना में कार चालक ऋषभ सेमवाल (22) और उनकी बहन रक्षा सेमवाल (24) निवासी डांग श्रीनगर की मौत हो गई। जबकि सुहानी पुत्री कमल सिंह निवासी रानीहाट कीर्तिनगर और ईशानी गौड़ पुत्री संजीव गौड़ घायल हो गईं। जिन्हें एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
बताया जा रहा है कि मृतक ऋषभ सेमवाल सिंचाई विभाग में अस्थायी तौर पर काम करता था। जबकि मृतका रक्षा कीर्तिनगर अस्पताल में लैब टेक्नीशियन थीं। उनके पिता सिंचाई विभाग में प्रशासनिक अधिकारी बताए गए हैं। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।



