सियासत

Lok Sabha Chunav: जनता का हर वोट सीधे पीएम मोदी को जाएगाः धामी

जोशीमठ में सीएम ने भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के लिए मांगे वोट

Garhwal lok Sabha Election 2024 : जोशीमठ। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने जोशीमठ में जनसभा के माध्यम से गढ़वाल सीट पर भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के लिए वोट अपील की। कहा कि ऋषिकेश से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आप सभी के लिए प्रणाम और राम-राम भेजा है। दावा किया कि गढ़वाल सीट पर भाजपा की जीत में बदरीनाथ विधानसभा का सबसे बड़ा योगदान रहेगा।

रोड शो के बाद टैक्सी स्टैंड पर आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी का संकल्प इस पूरे लोकसभा क्षेत्र की सेवा करना है। राज्यसभा सांसद के तौर पर अनिल बलूनी ने कई कार्य इस क्षेत्र में किए हैं। कहा जनता का हर वोट सीधा प्रधानमंत्री को जाएगा। कहा आपदा के दौरान मैंने स्वयं जोशीमठ में कैंप किया। हर शिविर, अस्पताल में जाकर लोगों से मुलाकात की।

उन्होंने कहा कि जोशीमठ नरसिंह देवता, आदिगुरु शंकराचार्य की भूमि है। ये पौराणिक और सामरिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण भूमि है। जोशीमठ क्षेत्र अपने मूल एवं पौराणिक स्वरूप में बना रहे, इसके लिए प्रधानमंत्री, गृहमंत्री द्वारा स्वयं यहां की चिंता की गई। केंद्र सरकार के सहयोग से हमें 1700 करोड़ की धनराशि जोशीमठ के पुनर्निर्माण व नवनिर्माण के लिए मिले। कहा जोशीमठ के लिए जिस कार्य की जरूरत होगी, वो कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अनिल बलूनी के गढ़वाल सांसद चुने जाने के बाद भारत सरकार में इस क्षेत्र की पैरवी करना आसान हो जाएगा। कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भगवान बद्रीविशाल के पुनर्निर्माण का कार्य जारी है। माणा तक सड़क का कार्य जारी है। प्रधानमंत्री ने माणा को देश के अंतिम गांव की जगह देश के पहले गांव की संज्ञा दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में कई ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। चारधाम के लिए ऑलवेदर रोड का निर्माण हुआ है। एक समय जोशीमठ से ऋषिकेश पहुंचने में पूरा दिन लग जाता था, आज कुछ ही घंटे में यह दूरी तय हो जाती है। कहा लोगों के जीवन में बदलाव आया है। पहले पानी के लिए लंबी-लंबी लाइन लगती थी, आज हर घर नल से जल पहुंच रहा है। पहले जंगलों से लकड़ी लाकर घर में खाना बनाया जाता था, आज उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीबों को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज दिया जा रहा है। जनधन योजना, किसान समृद्धि योजना, पीएम आवास योजना, गरीब कल्याण अन्न योजना चलाई जा रही है। उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीर भूमि है, यहां के लोगों ने कश्मीर को बचाने के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। उस कश्मीर से धारा 370 हटाने का खात्मा पीएम मोदी ने किया। सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन लागू किया। कहा कि सैनिकों का अपमान करने वाले कांग्रेस के लोग, आज सेना के हितैषी बनने का ढोंग रच रहे हैं। कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में श्रीराम मंदिर का निर्माण कार्य हुआ है। इस बार रामनवमी पर भगवान राम अपना जन्मदिन अपने महल में मनाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से राज्य सरकार ने कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। राज्य में समान नागरिक संहिता विधेयक पास हो गया है। भाजपा के संकल्प पत्र में समान नागरिक संहिता लागू करने का संकल्प लिया गया है। कांग्रेस पार्टी देश में मुस्लिम पर्सनल लॉ लागू करने की बात करती है। कांग्रेस के लोग पहले की तरह आज भी तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अंदर अतिक्रमण हटाना कोई अधर्म का काम नहीं है। हम सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने का काम कर रहे हैं। धर्मांतरण, दंगे न हो इसके लिए धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून लाया गया है। उन्होंने कहा विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। कहा राज्य में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण सरकारी नौकरी में दिया जा रहा है। राज्य सरकार ने नवजात शिशु से लेकर बुजुर्ग तक हर वर्ग के कल्याण के लिए महालक्ष्मी किट योजना, लखपति दीदी योजना उत्तराखंड आयुष्मान योजना, वृद्धा पेंशन योजना, गरीब परिवारों को साल में 3 मुफ्त गैस रिफिल, होम स्टे योजना शुरू की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जोशीमठ और बदरीनाथ क्षेत्र में लगभग 900 करोड़ रूपए की लागत से 100 से अधिक सड़कों का निर्माण कार्य गतिमान है। औली से गौंरसू तक भी रोपवे निर्माण का कार्य गतिमान है। कई दूरस्थ गांव में आजादी के बाद पहली बार सड़क पहुंचने का काम हमारी सरकार ने किया है। 500 करोड़ रूपए की लागत से बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के जरिए पुनर्विकास के कार्य हो रहे हैं। पोखरी में मिनी स्टेडियम बनाने के लिए 3.5 करोड़ रूपए की धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ मोदी देश की समृद्धि और खुशहाली के लिए समर्पित होकर कार्य कर रहे हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस है जो सिर्फ भ्रष्टाचार और परिवारवाद को बढ़ावा देने का काम कर रही है। कई भ्रष्टाचारी पार्टियों ने मिलकर गठबंधन बना लिया है। इंडी गठबंधन, जातिवाद, वंशवाद, भ्रष्टाचार और सनातन विरोधियों का गिरोह है। जो अपने अपने परिवार और अस्तित्व को बचाने के लिए लड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा हर कोई कहता है राहुल गांधी कॉमेडी तो अच्छी कर लेते हैं पर जनसेवा के गुण उनमें नहीं है। कांग्रेस पर परिवारवाद का ऐसा नशा चढ़ा है कि वो अपने नादान राजकुमार से आगे बढ़ ही नहीं पा रही है। कांग्रेस भाई-भतीजावाद के साथ ही महिला विरोधी पार्टी भी है। कहा कि प्रधानमंत्री ने 10 वर्षों में उत्तराखंड को लगभग 2 लाख करोड़ रूपए की परियोजनाओं की सौगात दी है। अब हमें उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने में अपना योगदान देना है। कहा 19 अप्रैल को उत्तराखंड की सभी पांचों सीटों पर कमल खिलाना है, और मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रत्याशी अनिल बलूनी, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी, निवर्तमान विधायक राजेंद्र भंडारी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button