उत्तराखंड: SIR में 92 प्रतिशत गणना फार्म डिजिटाइज़

देहरादून, 29 जून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सोमवार को वीडियो कांन्फ्रेंसिंग से सभी जिलाधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की समीक्षा की। उन्होंने सभी जनपदों को गणना फार्मों के डिजिटाइजेशन का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं को “अनकॉन्टेक्टेबल“ श्रेणी में चिह्नित किया गया है, उनका एक बार पुनः सत्यापन किया जाए। साथ ही जिन जनपदों में डिजिटाइजेशन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, वहां मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की तैयारी शुरू कर दी जाए। उन्होंने डीईओ और ईआरओ को एएसडी सूची की बूथवार स्वयं समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्रदेश में 99 प्रतिशत से अधिक गणना फार्म वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 92 प्रतिशत से अधिक फार्मों का डिजिटाइजेशन पूरा हो गया है। अल्मोड़ा और चम्पावत में यह कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। बागेश्वर और पिथौरागढ़ में 97, टिहरी में 96, उत्तरकाशी में 95, चमोली और पौड़ी में 94, रुद्रप्रयाग में 93, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में 91 तथा देहरादून और हरिद्वार में 88 प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूरा हो चुका है।
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास समेत जिलाधिकारी और ईआरओ मौजूद रहे।



