आज कुछ देर थमी रही केदार-यमुनोत्री की यात्रा
Chardham Yatra 2022: चारधाम यात्रा में मौसम खलल डालने लगा है। बारिश के चलते प्रशासन ने एहतियात के तहत आज सुबह केदारनाथ (Kedarnath) और यमुनोत्री (Yamunotri) में पैदल मार्ग पर यात्रा को कुछ देर रोका गया। हालांकि इससे पूर्व केदारनाथ के लिए आठ बजे तक आठ हजार से अधिक यात्री धाम के लिए प्रस्थान कर चुके थे।
बारिश को लेकर मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज सुबह भी चारों धामों के साथ ही पहाड़ से लेकर मैदान तक कई हिस्सों में बारिश हुई। जिसके चलते सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने केदारनाथ और यमुनोत्री में तीर्थयात्रियों की आवाजाही को कुछ देर के लिए रोके रखा।
केदारनाथ के लिए रवाना यात्रियों को सुबह आठ बजे बाद कुछ देर सोनप्रयाग से आगे नहीं जाने दिया गया। हालांकि इससे पूर्व केदार धाम के आठ हजार यात्री प्रस्थान कर चुके थे। केदारनाथ पैदल मार्ग पर कुछ दिन पहले लैंडस्लाइड के बाद से प्रशासन और पुलिस चौकन्नी है। बताया जा रहा है कि मौसम बदलने के चलते केदार के हेली सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यमुनोत्री में भी पैदल मार्ग पर तीर्थयात्रियों को किश्तों में आवाजाही कराई गई। यमुनोत्री में पैदल मार्ग पर तीर्थयात्रियों को अधिक भीड़ बढ़ने के चलते ऐसा किया गया।