
• प्रभावितों की सहायता के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का किया आह्वान
Joshimath Sinking : सीमांत शहर जोशीमठ में भू धंसाव को लेकर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के भूवैज्ञानिकों और पर्यावरणविदों से चर्चा कर जोशीमठ को बचाने के लिए सुझाव मांगे। इस दौरान राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे आपदाग्रस्त क्षेत्र में प्रभावितों की हरसंभव सहायता करें।
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उत्तराखंड के जाने माने पर्यावरणविद् डॉ. शेखर पाठक, प्रोफेसर बीएस बुटोला, प्रोफेसर प्रकाश उपाध्याय ने यात्रा में शामिल होकर राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान जोशीमठ आपदा पर राहुल गांधी से उनकी लंबी चर्चा हुई। राहुल गांधी ने उनसे जोशीमठ आपदा से निपटने और भू-धंसाव रोकने के साथ प्रभावितों की सहायता के लिए सुझाव भी मांगे।
उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन मथुरादत्त जोशी ने यह जानकारी साझा की। बताया कि इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और वरिष्ठ नेता मनीष खंडूड़ी भी मौजूद थे। बताया कि राहुल गांधी ने जोशीमठ में भू-धंसाव के कारण आई आपदा पर चिंता प्रकट की। कहा कि प्रभावित क्षेत्र के लोगों का तत्काल पुनर्वास सुनिश्चित करने के साथ ही इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल जोशीमठ नगर को बचाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि जोशीमठ की वर्तमान स्थिति की तस्वीरें काफी भयभीत करने वाली हैं। राहुल ने प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा से भी जोशीमठ मामले में चर्चा की और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे आपदाग्रस्त क्षेत्र के लोगों की हर संभव सहायता करें।
भारत जोड़ो यात्रा में साथ चल रहे भू वैज्ञानिकों और पर्यावरणविदों ने भी जोशीमठ आपदा मामले को गम्भीरता से लेते हुए राहुल गांधी को जानमाल और पर्यावरण की रक्षा के लिए सुझाव दिए। कहा कि जोशीमठ क्षेत्र में बड़े निर्माण कार्य और सुरंगें खोदने का काम तुरंत बन्द किया जाना चाहिए।