चमोली हादसा: मृतकों के परिजनों से मिले सीएम, नम हुई आंखें
परिजनों को दिया हरसंभव मदद का भरोसा, होमगार्ड जवानों को दी श्रद्धांजलि

गोपेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को चमोली पहुंचे। सीएम ने एक दिन पहले करंट हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया। परिजनों से मिलने पर भावुक हुए सीएम धामी की आंखें भी नम हो गई।
बीते बुधवार को चमोली में अलकनंदा नदी के किनारे नमामि गंगे के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में करंट दौड़ने से 16 लोगों की मौत और 11 लोग घायल हो गए थे। सूचना के बाद मुख्यमंत्री घटनास्थल की ओर रवाना हुए, लेकिन मौसम की खराबी के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। आज गुरुवार सुबह सीएम धामी चमोली पहुंचे। उन्होंने गोपेश्वर जिला अस्पताल में घायलों का हालचाल जाना। वहीं पुलिस मैदान में दिवंगत होमगार्ड के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चमोली हादसे में हताहत लोगों के परिजनों से मिलकर भावुक नजर आए। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए हर
संभव मदद का भरोसा दिलाया। पुलिस मैदान में मुख्यमंत्री ने हताहत होमगार्ड के जवानों के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित करते हुए नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये बहुत हृदयविदारक घटना है। उन्होंने घटा में हताहतों की आत्मा शांति के लिए प्रार्थना की। वही परिजनों को सांत्वना दी, कहा कि राज्य सरकार की तरफ से मुआवजा, इलाज आदि से संबंधित सभी व्यवस्थाएं की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना के कारणों की गहन जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डा.धन सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, विधायक और अधिकारी मौजूद थे।