उत्तराखंड में PERT चार्ट से होगी योजनाओं की निगरानी
सीएम धामी ने जनपद पौड़ी के विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा की

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री घोषणाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी विभागों से प्रोग्राम इवैल्यूएशन एंड रिव्यू टेक्निक (PERT) चार्ट तैयार कर योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है।
सचिवालय में मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत यमकेश्वर, पौड़ी, श्रीनगर, चौबट्टाखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा की। सीएम ने बिजली, पेयजल, वनाग्नि, मानव-वन्यजीव संघर्ष और सड़कों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया। स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन घोषणाओं के शासनादेश अभी तक जारी नहीं हुए हैं, उन्हें हर हाल में 15 जून तक जारी किया जाए।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा। यह निर्देश भी दिए कि राज्य के प्रत्येक विकासखंड में बालिकाओं के लिए छात्रावास स्थापना के लिए उपयुक्त विद्यालयों और भूमि का चयन किया जाए।
सीएम धामी ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रघुनाथ मंदिर, लक्ष्मण मंदिर और सीता माता मंदिर को धार्मिक सर्किट के रूप में विकसित करने की बात कही। साथ ही युवाओं की सुविधा के लिए पौड़ी में मल्टीपरपज हॉल निर्माण, रोपवे परियोजनाओं की अलग समीक्षा, पार्किंग व्यवस्था सुधार और सरकारी कार्यालयों में सोलर पैनल लगाने को भी कहा।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, विधायक रेनू बिष्ट, राजकुमार पोरी, दलीप सिंह रावत, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, रविनाथ रामन, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, डॉ. आर. राजेश कुमार, रणवीर सिंह चौहान समेत वर्चुअल माध्यम से गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय और डीएम पौड़ी स्वाति भदौरिया मौजूद रहे।



