
देहरादून। जिलाधिकारी डॉ आर राजेश कुमार के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान और पुलिस अधीक्षक नगर सरिता डोभाल के नेतृत्व में जिला प्रशासन और पुलिस टीम ने जिले में संचालित एसजी फाउंडेशन व डिटॉक्स बालयान काम्पलेक्स नशामुक्ति केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान टीम ने नशामुक्ति केंद्र के पंजीकरण, नियमानुसार संचालन, संचालक का विवरण, सत्यापन, कांउसिलिंग और जांच के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक, स्टॉफ का विवरण, पुलिस सत्यापन, क्षमता अनुसार रखे लोगों की जानकारी, पीड़ितों के साथ मारपीट व उत्पीड़न आदि पर विस्तार से जानकारी हासिल की।
निरीक्षण के दौरान एसजी फाउंडेशन में नशे के आदी लोगों के साथ मानसिंक रूप से विक्षिप्तों भी एक साथ मिले। जिस पर नगर मजिस्ट्रेट ने संचालक को उन्हें परिजनों से संपर्क कर मानसिक चिकित्सालय भेजने के निर्देश दिए। संचालक को संबंधितों के दस्तावेज पूर्ण विवरण के साथ तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया।
केंद्र में महिला पुरुषों को एक साथ रखने पर भी हिदायत दी गई कि उन्हें अलग-अलग भवन में रखा जाए या उन्हें घर भेजने की व्यवस्था करें। केन्द्र में प्रवेश से संबंधितों की चिकित्सकीय जांच जरूरी कराएं। उसकी अलग से पत्रावली भी तैयार करें।
डिटॉक्स बालयान काम्पलेक्स में पूर्ण वेटिनेशन ना होने पर नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान नाराजगी जाहिर की। साथ ही केन्द्र बंद कर यहां भर्ती लोगों को घर भेजने को कहा। संचालक को केंद्र बॉयलॉज के अनुसार संचालित करने के भी निर्देश दिए गए।
बताया कि केन्द्र बायलॉज के अनुसार संचालित नहीं हो रहा है। निरीक्षण में चिकित्सकों का एमसीआई का सर्टिफिकेट नही दिखाया गया। भर्ती व्यक्तियों का मेडिकल रिकार्ड प्रस्तुत न करने के साथ यहां मूलभूत सुविधाएं नही मिली। जिस पर संचालकों को विवरण देने और केन्द्र का संचालन नियमतः करने के निर्देश दिए गए। ऐसा नहीं होने पर विधिक कार्यवाही करने की चेतावनी दी गई।
जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया कि नशामुक्ति केन्द्रों पर नियंत्रण हेतु कमेटी का गठन और सुधार के लिए दीर्घकालीन योजनाओं पर काम किया जा रहा है। कहा कि केन्द्रों के संचालकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। ताकि अव्यवस्थाएं होने पर संबन्धित की जिम्मेदारी तय की जा सके।
निरीक्षण में जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, थाना प्रभारी नन्दकिशोर भट्ट नेहरू कालोनी, सहायक समाज कल्याण अधिकारी एसएस नेगी, मानसी मिश्रा, जहांगीर आलम आदि मौजूद रहे।