रुद्रप्रयाग। अनियमितताओं को लेकर भाजपा की जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह के खिलाफ आए अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 14 वोट पड़े। इनमें 3 सदस्य भाजप के ही शामिल हैं। प्रस्ताव के विरोध में कोई वोट नहीं डाला गया। अविश्वास प्रस्ताव से एक दिन पहले ही जिपं अध्यक्ष शाह ने इस्तीफा दे दिया था।
शनिवार को जिला पंचायत सभागार में अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग से पहले चर्चा की गई। इसके बाद गोपनीय मतदान किया गया। प्रस्ताव के पक्ष में जिपं उपाध्यक्ष समेत 14 सदस्यों ने वोट डाला। जबकि कुल 18 जिपं सदस्यों में 4 अनुपस्थित रहे। इन्हें भाजपा जिपं अध्यक्ष अमरदेई शाह के पक्ष का बताया जा रहा है।
जिपं अध्यक्ष अमरदेई शाह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग की रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। बताया जा रहा है कि इसपर आज देररात तक फैसला आ सकता है। हालांकि अध्यक्ष शाह एक दिन पहले ही अपना त्यागपत्र दे चुकी हैं।
इस प्रकरण में जिपं उपाध्यक्ष सुमंत तिवारी का कहना है कि 14 सदस्यों में 3 सदस्य भाजपा के हैं। उन्होंने दलगत राजनीति से अलग हटकर वोट किया है। दावा किया कि सभी 14 सदस्य एकजुट हैं।
यह हैं जिपं अध्यक्ष पर आरोप
रुद्रप्रयाग जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह के खिलाफ 14 सदस्यों द्वारा कई आरोप लगाए गए थे। जिनमें सदस्यों को विश्वास में लिए बिना कार्य करने, सोनप्रयाग स्थित पार्किंग में एक व्यक्ति को बिना टेंडर यात्रियों के रात्रि विश्राम का कार्य देने, केदारनाथ यात्रा में घोड़े खच्चरों में लगी गद्दी के लिए अवैध वसूली कराने, सरकारी वाहन का दुरुपयोग करने के आरोप शामिल हैं।