Demand: सड़कों से हटे लावारिस पशुओं का जमावड़ा
गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष ने नगर निगम और प्रशासन से लगाई गुहार
Rishikesh News: ऋषिकेश। अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष डॉ राजे सिंह नेगी ने नगर निगम ऋषिकेश और प्रशासन से राष्ट्रीय राजमार्ग से लावारिस पशुओं के जमावड़े को खत्म करने की मांग उठाई है।
डॉ राजे सिंह नेगी ने बताया कि शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों से सटे हाईवे पर लावरिस पशु ट्रैफिक को बाधित करने के साथ ही दुर्घटनाओं का सबब बने हुए हैं। हाईवे पर इनके कारण अक्सर लोग चोटिल होते हैं। कई बार लोगों की जान जाने का खतरा भी पैदा हो जाता है। बताया कि सबसे अधिक परेशानियां आवागमन के दौरान दोपहिया वाहन सवारों को उठानी पड़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि शहर में नगर निगम द्वारा कांजी हाउस की व्यवस्था के साथ सड़कों से लावरिस पशुओं को हटाने की घोषणाएं कई बार की गई, लेकिन हाईवे से लेकर अन्य मुख्य मार्गों तक में लावारिस पशुओं के जमावड़े को हमेशा देखा जा सकता है। बावजूद इसके निगम प्रशासन कोई कदम उठाने को तैयार नहीं दिखता। यहां तक कि निगम के कैटल वाहन भी धूल फांकते नजर आ रहे हैं।
महासभा अध्यक्ष डॉ. नेगी ने नगर निगम के साथ ही प्रशासन से राष्ट्रीय राजमार्ग पर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लावारिस पशुओं को जल्द हटाने की मांग की है।