ऋषिकेश। कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों संग बुधवार को गांव से शहर तक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान रमोला ने लोगों से ऋषिकेश में परिवर्तन की जरूरत बताते हुए 14 फरवरी को कांग्रेस के पक्ष में वोट करने की अपील की।
कांग्रेस कैंडिडेट जयेंद्र रमोला ने आज अपने जनसंपर्क अभियान की शुरू श्यामपुर ग्रामसभा के भल्लाफार्म से की। इसके बाद उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में बस अड्डा, मालवीय नगर, मनीराम रोड, तिलक रोड आदि में कैंपेन चलाया। रमोला ने कहा कि उन्हें हर क्षेत्र में जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। लोग भी अब बदलाव के पक्ष में हैं।
जनसंपर्क में रमोला ने लोगों को कांग्रेस के कार्यकाल की योजनाओं और मौजूदा भाजपा सरकार के जनविरोधी फैसलों से अवगत कराया। उन्होंने लोगों को बताया कि उनके प्रतिज्ञा पत्र में आमजन से जुड़े ऋषिकेश के विकास के प्रमुख मुद्दे शामिल हैं। विधायक बनने पर वह इनपर प्राथमिकता के साथ काम करेंगे।
उन्होंने इसबीच भाजपा विधायक के 15 वर्षों की नाकामियां भी गिनाई। कहा कि वह हर चुनाव में अपना पुराना घोषणापत्र ही फोटोस्टेट कराकर बांटते रहते हैं। उनके पास ऋषिकेश के विकास की कोई नीति और सोच ही नहीं है। गांव से शहर तक बदहाली उनके झूठे विकास की पोल खोल रही है।
इस दौरान उपप्रधान रोहित नेगी ने जयेंद्र रमोला के पक्ष में लोगों से वोट करने की अपील की। कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना जरूरी है। दावा किया कि प्रदेश में अगली सरकार कांग्रेस की बन रही है।
प्रचार अभियान में प्रधान विजयपाल जेठुड़ी, संजय पोखरियाल, खेमसिंह बिष्ट, देवेन्द्र प्रजापति, विक्रम जेठूड़ी, धर्मपाल जेठुड़ी, रमेश रागड़, अर्जुन रागंड, महेश चौहान आदि शामिल रहे।