
ऋषिकेश। झंडा चौक स्थित भरत मंदिर पब्लिक स्कूल में उत्साह के साथ मातृ दिवस मनाया गया। आयोजित समारोह में छात्र-छात्राओं ने मां को समर्पित गीतों और नृत्यों से समा बांधा।
शनिवार को उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल और पार्षद रीना शर्मा ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कंडवाल ने कहा कि बच्चों और समाज के भविष्य को आकार देने में माताओं की भूमिका अहम है।
समारोह में छात्र-छात्राओं ने माताओं को समर्पित गीतों, नृत्यों और भाषणों की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। वहीं माताओं के लिए कई मजेदार खेल और गतिविधियां भी आयोजित की गई।
समापन पर प्रधानाचार्य केएल दीक्षित ने मुख्य अतिथि कुसुम कंडवाल और विशिष्ट अतिथि रीना शर्मा को सम्मान स्वरूप स्मृति चिह्न प्रदान किया।



