
ऋषिकेश (शिखर हिमालय)। डीएसबी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के छात्रों ने बाराबंकी में आयोजित जूनियर नेशनल चैंपियनशिप तीरंदाजी प्रतियोगिता के ओलंपिक राउंड में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और नगर का नाम रोशन किया। छात्रों ने प्रतियोगिता में 14 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य पदक हासिल किए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शिव सहगल ने बताया कि ग्राम्यांचल डिग्री कॉलेज, बाराबंकी, उत्तरप्रदेश में 11 से 14 नवंबर तक जूनियर नेशनल चैंपियनशिप तीरंदाजी प्रतियोगिता आयोजित हुई। जिसमें उत्तराखंड की तरफ से डीएसबी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन शानदार रहा। बताया कि प्रतियोगिता में 19 पदक विद्यालय के नाम रहे।
बताया कि अंडर 10 वर्ग में अभीष्ट भारद्वाज और वर्णित रावत ने 2-2 स्वर्ण व मनीष कंडियाल ने 1 स्वर्ण पदक हासिल किया। जबकि अंडर 14 बालक वर्ग में आदित्य दत्त ने 2 स्वर्ण, ओजस पैन्यूली ने 1 स्वर्ण व 1 कांस्य, अभिनव घनसोला ने 1 स्वर्ण पदक जीता।
बालिका वर्ग में आकांक्षा उनियाल ने 2 स्वर्ण, श्रीयशी ने 1 स्वर्ण व 1 रजत, तन्वी बागड़ी ने 1 स्वर्ण व 1 रजत पदक प्राप्त किया। अंडर 17 वर्ग में अर्पित सिंह ने 2 स्वर्ण, आदित्य वर्धन रमोला ने 1 स्वर्ण व 1 रजत, अभिनव सिंह ने 1 स्वर्ण व 1 कांस्य पदक प्राप्त किया।
उन्होंने छात्रों को इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए शाबासी दी। बताया कि कोरोनाकाल में भी छात्र- छात्राओं ने निरंतर अभ्यास जारी रखा। अभिभावकों का भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्रतियोगिता से लौटने पर विजेता छात्र-छात्राओं का विधालय में स्वागत किया गया। मौके पर कोच पवन सैनी, मैनेजर आकांक्षा वर्मा आदि मौजूद रहे।