कांग्रेसियों ने रघुनाथ मंदिर में किया हनुमान चालीसा का पाठ

ऋषिकेश, 28 जून। कांग्रेस ने अयोध्या श्रीराम मंदिर में कथित जमीन घोटाले और चढ़ावा चोरी के विरोध में त्रिवेणीघाट स्थित रघुनाथ मंदिर में हनुमान चालीसा का सामुहिक पाठ किया।
पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण और पीसीसी सदस्य जयेन्द्र चंद रमोला ने कहा कि अयोध्या श्रीराम मंदिर को लेकर पहले भूमि खरीद में घोटाला और अब दानपात्र से कथित चोरी के मामले सामने आए। इन खबरों ने करोड़ों रामभक्तों को आहत किया है। उन्होंने मांग की कि मंदिर से जुड़े धन और दान के प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही तय होनी चाहिए। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कानूनी कार्यवाही की जाए।
जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। सिर्फ कुछ छोटे लोगों को आरोपी बनाकर प्रभावशाली लोगों को बचाया नहीं जाना चाहिए। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की जांच सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई द्वारा कराए जाने की मांग भी उठाई।
इस अवसर पर मदन मोहन शर्मा, चंदन पंवार, बैशाख पयाल, राकेश अग्रवाल, ललित मोहन मिश्रा, मदन शर्मा, राजेंद्र कोठारी, मनोज गुसाईं, देवेंद्र प्रजापति, भगवान पंवार, सरोजनी थपलियाल, पुष्पा मिश्रा, मधु जोशी, रुकम पोखरियाल, अशोक शर्मा, ऋषि सिंघल, संजय शर्मा, गौरव यादव, परमेश्वर राजभर, सुमित चौहान, प्रवीण गर्ग, कमला प्रधान, रजनीकांत कुमार, बप्पी अधिकारी, राजेश शर्मा, रवि थापा, हिमांशु जाटव, हिमांशु कश्यप, आदित्य परमार, शुभम, आदित्य झा आदि मौजूद थे।



