
Rishikesh Road Accident: ऋषिकेश। बलिया उत्तरप्रदेश से नीलकंठ महादेव मंदिर के दर्शनों को आए कांवड़ यात्रियों की एक बस मुनिकीरेती स्थित पीडब्ल्यूडी तिराहा पर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। गंभीर रूप से घायलों को एम्स रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा करीब शाम 5 बजे का बताया जा रहा है। अगरसंडा, बलिया उत्तर प्रदेश से नीलकंठ महादेव मंदिर के दर्शनों को आई एक डबल डेकर बस भद्रकाली से मुनिकीरेती पार्किंग जा रही थी, इसबीच भद्रकाली से आगे उसका ब्रेक फेल हो गया। बस पहाड़ी से टकराकर सड़क पर पलट गई। जिसके बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गई।
हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से यात्रियों को किसी तरह बस से बाहर निकाला। घायलों को आपातकालीन 108 सेवा और प्राइवेट परिवहन माध्यमों से सरकारी अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने एक महिला को मृत घोषित किया। अन्य गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एम्स रेफर किया गया है। बस में 65 यात्री सवार थे।