ऋषिकेशसियासत

उत्तराखंड में कमजोर हो रही कानून व्यवस्थाः शूरवीर

पूर्व मंत्री ने ऋषिकेश के मसलों पर भी सरकार को घेरा

ऋषिकेश। उत्तराखंड में नशे के कारोबार और अपराधों को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर हमला बोला है। पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि ऋषिकेश समेत पूरे प्रदेश में नशे का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है, जिससे सामाजिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।

दूनमार्ग स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में सजवाण ने कहा कि नशे के कारण अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। आमजन भय के माहौल में जीवन जीने को मजबूर हैं। आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है।

उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो सरकार का नियंत्रण ही नहीं रह गया हो। चेताया कि यदि नशे और अपराध पर जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस कार्यकर्ता स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आंदोलन शुरू करेंगे।

सजवाण ने ऋषिकेश की जाम समस्या को भी सरकार की विफलता बताया। कहा कि वर्षों से बाईपास निर्माण की घोषणाएं हो रही हैं, लेकिन धरातल पर कोई प्रगति दिखाई नहीं देती। उन्होंने व्यापारियों के हितों को सुरक्षित रखते हुए यातायात समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की।

उन्होंने बढ़ती महंगाई पर भी सरकार को घेरा, कहा कि बिजली, पानी, गैस, पेट्रोल-डीजल सहित आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। मौके पर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह मियां, जयेंद्र रमोला, राजपाल खरोला, देवेंद्र प्रजापति, वीरपाल, विनय सारस्वत, प्रदीप जैन आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button