Rishikesh: डेंगू के खिलाफ एम्स और नगर निगम का 7 प्लस 1 अभियान
जनजागरूकता के साथ कई जगह डेंगू मच्छर का लार्वा किया गया नष्ट
ऋषिकेश। शहरी क्षेत्र में डेंगू की रोकथाम के लिए एम्स और नगर निगम की ओर से सेवन प्लस वन अभियान के तहत आम लोगों को जागरूक किया गया। अभियान के दौरान कई जगहों पर डेंगू मच्छर के लार्वा को भी नष्ट किया गया।
बीते 11 सितंबर से एम्स और नगर निगम द्वारा डेंगू प्रभावित क्षेत्र मायाकुंड से सेवल प्लस वन अभियान की शुरूआत की गई थी। जिसका उद्देश्य लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक करने के साथ ही क्षेत्र को डेंगू मुक्त करना है। अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि अभियान में 7 दिनों तक स्थानीय जनसमूह के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में डेंगू मच्छर का लार्वा नष्ट किया गया। साथ ही कीटनाशकों को छिड़काव भी किया गया। बताया कि अब हर रविवार को यही प्रक्रिया दोहराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभियान में मेयर अनीता ममगाईं, नगर आयुक्त, राजकीय अस्पताल के सुरेंद्र सिंह यादव, वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन के सदस्य ब्रह्म कुमार शर्मा, सत्येंद्र कुमार, हेम कुमार पांडे की अगुवाई में एएनएम और एम्स के सोशल आउटरीच स्टाफ ने प्रतिभाग किया। जिसके चलते मायाकुंड, चंद्रेश्वरनगर, चंद्रभागा, बीस बीघा, बापूग्राम, शांतिनगर, नंदूफार्म, गंगानगर आदि में डेंगू का प्रकोप करीब 50 प्रतिशत कम हुआ है।
डॉ. संतोष कुमार ने आमजन से अपील की कि गमलों, टायरों, कूलर, फ्रिज आदि में रुके हुए को हमेशा साफ रखे। यहीं सबसे अधिक लार्वा पनपता है। कहा कि डेंगू की रोकथाम के लिए सिर्फ सरकारी अमले पर निर्भर न रहें। साफसफाई रखें और कीटनाशकों के छिड़काव के लिए नगर निगम से संपर्क करें।
डेंगू हो यह ऐसा करें
1. डेंगू बुखार के लक्षण होने पर घबराए नहीं। घर में आराम करे।
2. पूरे शरीर को ढक कर रखें। खासकर दिन के समय मच्छरदानी का उपयोग करें।
3. खूब पानी पिएं और खुद को खूब हाइड्रेट रखें।
4. ज्यादा बुखार आने पर केवल पैरासिटामोल दवा का ही सेवन करें।
5. शरीर पर लाल व सफेद रंग के चकत्ते पड़ने और नाक व मुंह से रक्तस्राव होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।