5 दिन में 17 चोटियां फतह करने का बना रिकॉर्ड
हल्द्वानी के लेफ्टिनेंट कर्नल मनोज जोशी ने किया उत्तराखंड का नाम रोशन
शिखर हिमालय डेस्क
17 पर्वत शृंखलाओं को महज पांच दिन में फतह कर हल्द्वानी के लेफ्टिनेंट कर्नल मनोज जोशी ने सिर्फ उत्तराखंड का ही रोशन किया है बल्कि एक रिकॉर्ड भी स्थापित किया है। जो कि दुनिया में आज तक किसी के भी नाम नहीं। जोशी अब अपने इस रिकॉर्ड को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज कराने मे जुटे हैं। उनकी इस कामयाबी से परिवार और प्रदेश में खुशी की लहर है।
लेफ्टिनेंट कर्नल जोशी जनपद अल्मोड़ा के डुंगरा (भनोली) के निवासी हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती कुमाऊं रेजिमेंट में है। जोशी के परिवार में पत्नी राजश्री, मां रेवती जोशी और दो जुड़वा बेटियां हैं। उन्होंने पर्वतारोहण की शुरुआत 13 वर्ष की उम्र यानी 1998 में की थी। यह सफर आज भी जारी है।
मनोज ने माउंट मकालू, एवरेस्ट जैसे 14 बड़े पर्वतों पर चढ़ाई कर फतह का परचम लहराया हैं। दुनियाभर में रिकॉर्ड बनाने के लिए मनोज और उनकी टीम ने 24 अगस्त को लेह लद्दाख के कारजोक (मैंटोक रिज) की 12 पर्वत शृंखलाओं पर चढ़ने का अभियान शुरू कर दिया। 24 घंटे में उन्होंने दक्षिण से उत्तर की तरफ स्थित सभी 12 पर्वत शृंखलाओं में चढ़ाई की।
27 अगस्त को उन्होंने पोलोगोंका रिज की 5 चोटियों को फतह करने का अभियान शुरू किया और मात्र 12 घंटे में 6000 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाली सभी चोटियों पर तिरंगा लहरा दिया। यूं तो दुनिया के सैकड़ों लोग इन चोटियों को फतह कर चुके हैं। लेकिन इतने कम समय में पहाड़ों पर सफर करने का रिकॉर्ड शायद ही किसी के नाम हो।