उत्तराखंडसियासत

सीएम पुष्कर धामी ‘धोनी’ की तरह अच्छे फिनिशरः राजनाथ सिंह

मूनाकोट, पिथौरागढ़ में केन्द्रीय रक्षामंत्री और मुख्यमंत्री ने किया शहीद सम्मान यात्रा का शुभारंभ

पिथौरागढ़। केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पिथौरागढ़ के मूनाकोट में शहीद सम्मान यात्रा का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित भी किया गया।

केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारी सांस्कृतिक परम्परा में जो देश के लिए अपनी जिंदगी न्यौछावर करते हैं, उनको देवतुल्य माना जाता है। उत्तराखंड में पांचवें धाम सैन्यधाम में शहीद सैनिकों की आंगन की मिट्टी आएगी। उत्तराखण्ड में सैन्यधाम का निर्माण एक अच्छी सोच है।

रक्षामंत्री ने कहा कि कुछ दिन पूर्व मुझे पीठसैंण में वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली जी की प्रतिमा का अनावरण करने का सौभाग्य मिला। रेजांग-ला पर जो उत्साह देखा वह अद्भुत था। 1962 भारत-चीन युद्ध में कुमाऊं के 13वीं बटालियन के 124 जवानों जो करिश्माई काम किया, उसे भारत कभी भूल नहीं सकता। जब हमने उनके शौर्य और पराक्रम की गौरव गाथा सुनी तो मैंने वहां जाने का निर्णय लिया। वहां भव्य स्मारक बनाया गया है। भारत के हर नागरिक के मन में शहीदों के परिवारों के प्रति एक सम्मान का भाव होना चाहिए।

राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारे पूर्व सैनिकों की जो वन रैंक वन पेंशन की समस्या थी उसका समाधान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किया। सैनिकों एवं उनके परिवारों की समस्याओं के लिए सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किए गए हैं। बैटल कैजुवल्टी को 02 लाख से बढ़ाकर 08 लाख रूपये किया गया है। पूर्व सैनिकों की भी हर समस्या का समाधान करने के लिए सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए गए हैं।

केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने प्रदेश एवं जनहित में 04 माह में 400 से अधिक निर्णय लेने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना की। कहा कि धामी ताबड़तोड़ बैटिंग कर रहे हैं। अभी तो मुख्यमंत्री 20-20 मैच खेल रहे हैं। इनका पांच साल का टेस्ट मैच होना चाहिए। धामी महेंद्र सिंह धोनी की तरह अच्छे फिनिशर हैं।


सीएम और अन्य नेता क्या बोले

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मुझे अपनी जन्मभूमि सौर घाटी की धरती को नमन करने का अवसर मिला है। पिथौरागढ़ जनपद हमेशा से रणबांकुरों की भूमि रही है। उत्तराखंड सैनिक बहुल प्रदेश है। वीर भूमि पिथौरागढ़ में वीर सैनिकों के परिजनों एवं वीरांगनाओं का सम्मानित कर हम सब सम्मानित हो रहे हैं। कहा कि 2025 में हम हर क्षेत्र में उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद सम्मान यात्रा का पहला शुभारंभ सवाड़ मे किया गया। कहा कि पुराने सैनिक स्मारकों के जीर्णोधार एवं जनपद पिथौरागढ़ में नए सैनिक विश्राम गृह के लिए धनराशि तत्काल जारी की जाएगी। इस दौरान सीएम ने केन्द्रीय रक्षामंत्री से बीआरओ सेंटर को वापस पिथौरागढ़ में स्थापित करने की गुहार लगाई।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि जिस प्रकार सैनिक सीमाओं में रहकर देश की रक्षा करता है तथा देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर कर देता है, इससे बड़ा बलिदान और कुछ नहीं हो सकता है। यह भूमि वीरों की भूमि है।

केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि शहीद सम्मान यात्रा वीर सैनिकों के सम्मान को बढ़ाने का कार्य कर रही है। देश की रक्षा के लिए उत्तराखंड के जवानों ने हमेशा अपना सर्वस्व अर्पित किया है।

इस अवसर पर काबीना मंत्री बिशन सिंह चुफाल, सांसद अजय टम्टा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, विधायक चन्द्रा पंत, अध्यक्ष जिला पंचायत दीपिका बोहरा, अध्यक्ष नगर पालिका राजेन्द्र रावत, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, जिलाध्यक्ष भाजपा वीरेन्द्र वल्दिया, जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान समेत सैनिक, पूर्व सैनिक एवं शहीदों के परिजन मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button