
रायवाला। सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल में अब तक 2500 से अधिक बच्चों के सुरक्षित जन्म को उत्सव के रूप में मनाया गया। इस दौरान मौजूद बच्चों और उनके अभिभावकों के साथ विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने केक काटकर खुशियां साझा की।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, मुख्य चिकित्सक डॉ. प्रणति दास, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल और ग्राम प्रधान राजेश जुगलान ने किया। अग्रवाल ने कहा कि सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में मिसाल पेश कर रहा है। कहा कि संस्थान द्वारा बिना किसी भेदभाव के माताओं और बच्चों की पूरी तरह निःशुल्क सेवा करना प्रेरणादायक है।
अस्पताल की मुख्य चिकित्सक डॉ. प्रणति दास ने संस्थान की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। बताया कि उत्तराखंड के सुदूर क्षेत्रों से अक्सर मरीज बेहद जटिल अवस्था में यहां पहुंचते हैं। जिनका उपचार अनुभवी चिकित्सकों की देखरेख में किया जाता है।
समापन पर अस्पताल में जन्मे बच्चों और उनके माता-पिता के साथ मुख्य अतिथि ने केक काटा। मौके पर कार्यक्रम संयोजक सागर गिरी, गणेश रावत, डॉ. रजनी सिंह, डॉ. शबाना, डॉ अंजली, ऋतु थपलियाल, उषा रतूड़ी, पीआरओ चित्रवीर क्षेत्री आदि मौजूद रहे।



