
देहरादून। ‘प्रोजेक्ट उत्कर्ष’ के तहत जिला प्रशासन ने सरकारी माध्यमिक विद्यालयों में स्मार्ट शिक्षण व्यवस्था लागू करने का अभियान तेज कर दिया है। इस पहल के जरिए विद्यार्थियों को पारंपरिक पढ़ाई से आगे बढ़ाकर तकनीक आधारित और इंटरैक्टिव शिक्षा से जोड़ा जा रहा है।
जिलाधिकारी सविन बंसल की पहल पर 168 राजकीय विद्यालयों में लगभग 3.67 करोड़ रुपये की लागत से 884 स्मार्ट टीवी लगाए जा रहे हैं। इनके माध्यम से छात्रों को ऑडियो-वीडियो कंटेंट, ई-लर्निंग मॉड्यूल और वर्चुअल क्लास जैसी सुविधाएं मिलेंगी। जिससे पढ़ाई अधिक रोचक और समझने योग्य बनेगी।
यह पहल छात्रों को दीक्षा पोर्टल और पीएम ई-विद्या जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ते हुए उनकी अवधारणात्मक समझ को मजबूत करने पर केंद्रित है। खास बात यह है कि इस परियोजना के लिए धनराशि जिला खनन निधि से उपलब्ध कराई गई है। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ई-टेंडरिंग के जरिए पूरी की गई।
प्रशासन का लक्ष्य जल्द ही सभी विद्यालयों को डिजिटल सुविधाओं से लैस करना है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप तकनीक-सक्षम शिक्षण वातावरण तैयार करने की दिशा मंन एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



