देहरादून

देहरादूनः दशहरे के बाद शहर से 40 टन कूड़ा एकत्रित

डीएम ने संभाली सफाई की कमान, नगर निगम के कार्मिक भी जुटे

देहरादून, 21 अक्टूबर। जिला प्रशासन और नगर निगम ने दशहरा पर्व के बाद विशेष सफाई अभियान चलाकर शहर से करीब 40 टन कूड़ा एकत्र किया। अकेले परेड ग्राउंड में लगभग 10 टन कूड़ा उठाया गया। अभियान में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने भी प्रतिभाग किया।

अभ्यिन के दौरान हिन्दु नेशनल स्कूल लक्ष्मण चौक, पटेलनगर और रेसकोर्स समेत अन्य स्थानों पर भी सफाई अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी के अलावा जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों समेत जीजीआईसी राजपुर की छात्राओं ने स्वयं कूड़ा उठाकर स्वच्छता का संदेश दिया।

डीएम डॉ. चौहान ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। इसके लिए आमजन, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। कहा कि सार्वजनिक स्थलों, मार्गों और बाजारों में नियमित सफाई के साथ लोगों को कूड़े के उचित निस्तारण के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए।

डीएम ने बताया कि दीपावली से राज्य स्थापना दिवस तक जनपद में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान एकत्रित कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण पर विशेष जोर रहेगा। अधिकारियों को जैविक और अजैविक कूड़े के सेग्रिगेशन कर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अभियान में एडीएम वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला, जीजीआईसी की प्रधानाचार्य, छात्राएं, वेस्ट वॉरियर्स संस्था के रोहित सडाना आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button